प्रो कबड्डी लीग सीजन पांच में पहली बार मंडी जिला के खिलाड़ी की बोली लगी है। बल्ह घाटी के मलवाणा गांव निवासी महेंद्र सिंह ठाकुर को बेंगलुरु बुल की टीम ने 20 लाख रुपये में खरीदा है। महेंद्र सिंह ठाकुर वर्तमान में भारतीय सेना में सेवाएं दे रहे हैं। वह सेना में आर्मी रेड टीम के लिए खेलते हैं।
प्रो कबड्डी में महेंद्र सिंह का चयन होने पर के गांव सहित बल्ह घाटी में खुशी का माहौल है। महेंद्र सिंह की प्रारंभिक पढ़ाई घासणू स्कूल से हुई है। उसके बाद 12 साल की आयु में महेंद्र सिंह का चयन स्टेट स्पोर्ट्स हॉस्टल बिलासपुर के लिए हो गया था।
वहां पर रहते हुए महेंद्र ने दो बार जूनियर नेशनल, तीन बार सीनियर नेशनल प्रतियोगिता में हिमाचल का प्रतिनिधित्व किया। महेंद्र ने चयन का श्रेय मां मनसा, आर्मी कोच जसवीर सहित माता-पिता को दिया है। उन्होंने कहा कि उन्हें कबड्डी खेलने की प्रेरणा नाना ओम प्रकाश ठाकुर से मिली थी।