आईपीएल में चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी को उनके फैंस किस कदर प्यार करते हैं ये जग-जाहिर है। उनके फैंस अलग-अलग तरीके से उनपर अपना प्यार दिखाते हैं।
गुरुवार को कोलकाता में चेन्नई सुपर किंग्स व कोलकाता नाइट राइडर्स के मैच के दौरान एक ऐसा ही वाकया हुआ।
दरअसल, कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ 11 ओवरों में चेन्नई की टीम ने 97/2 रन बनाए थे। उस वक्त धोनी ‘डग आउट’ में अपनी टीम के साथ रणनीति बनाने में मशगूल थे, तभी दौड़ता हुआ एक किशोर फैन उनके करीब पहुंच गया और उनके पैर छू लिये। धोनी ने भी उसकी पीठ पर हाथ रखकर उसे आशीर्वाद दिया और वहां से उसे निकालने का इशारा किया। तभी वहां मौजूद सुरक्षाकर्मी व आ धमके और उस फैन को वहां से निकाला।
उस दौरान धोनी के साथ बैठे चेन्नई के खिलाड़ी उस फैन के धोनी के प्रति प्यार को देखकर हक्के-बक्के रह गए। हालांकि पास में बैठे मुरली विजय ये देखकर मुस्करा उठे। धोनी ने उसकी पीठ पर हाथ फेरा और इशारे में उसे जाने के लिए कहा। धोनी के साथ विडियो में माइकल हसी भी नजर आ रहे हैं। हालांकि हसी इस घटना से थोड़े हैरान हो जाते हैं लेकिन धोनी हमेशा की ही तरह शांत नजर आ रहे हैं।
बता दे कि चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के साथ इस तरह का वाकया पहली बार नहीं हुआ है। इससे पहले भी बीच मैदान में उनके फैन उनके पैर छूने आ चुके हैं। यह धोनी के प्रति उनके प्रशंसकों का प्यार ही है कि वे बिना कुछ सोचे समझे उनसे मिलने को दौड़ पड़ते हैं।आईपीएल के आधिकारिक टि्वटर पेज पर इस घटना का वीडियो शेयर किया गया है।
गौरतलब है कि भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी टीम के सबसे सफल कप्तान हैं। अपनी कप्तानी में उन्होंने भारतीय टीम को सभी आईसीसी ट्रोफ़ियां दिलाई हैं।